
राजीव भवन में कांग्रेस की प्रेसवार्ता
बालोद। राजीव भवन बालोद में जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जिलास्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
महिला आरक्षण पर भाजपा को घेरा
जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के समर्थन में पहले भी थी, आज भी है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा यह गलत प्रचार कर रही है कि कांग्रेस और विपक्षी दलों के विरोध के कारण महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो सका।
महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून संसद के दोनों सदनों से पारित होकर राष्ट्रपति की मंजूरी प्राप्त कर चुका है। इसके बावजूद भाजपा जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
परिसीमन को लेकर सरकार पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन और जनगणना के नाम पर महिला आरक्षण लागू करने में देरी कर रही है। उनका कहना था कि वर्तमान सदस्य संख्या में ही 33 प्रतिशत आरक्षण देकर इसे लागू किया जा सकता है।
संगीता सिन्हा ने मंशा पर उठाए सवाल
संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि भाजपा की मंशा महिला आरक्षण नहीं बल्कि अपने अनुसार परिसीमन करना था, जो विपक्ष की एकजुटता से सफल नहीं हो सका।
पत्रकारवार्ता में रामजी भाई पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, भोजराज साहू, धीरज उपाध्याय, अंचल प्रकाश साहू, अनिल यादव, कमल टुवानी, शेख मतीन सहित अन्य कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।




