
बालोद में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, महिला आरक्षण लागू करने की मांग तेज
बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी बालोद द्वारा राजीव भवन में महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जिलास्तरीय पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम और डौंडीलोहारा विधायक श्रीमती अनिला भेंडिया मुख्य वक्ता रहीं।
केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण लागू करने में देरी का आरोप
विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण के समर्थन में रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून बनने के बाद भी इसे लागू नहीं कर रही है और भाजपा जनता के बीच भ्रम फैला रही है।
33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल देने की मांग
उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो वर्तमान सदस्य संख्या में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिला आरक्षण तुरंत लागू कर सकती है। कांग्रेस ने इसका पहले ही समर्थन किया है।
परिसीमन के नाम पर राजनीति करने का आरोप
विधायक अनिला भेंडिया ने कहा कि भाजपा की मंशा महिला आरक्षण नहीं बल्कि अपने अनुसार परिसीमन करवाने की थी, जिसे विपक्ष की एकजुटता ने विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों में महिलाओं को मिला आरक्षण कांग्रेस सरकारों की देन है।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, रामजी भाई पटेल, भोजराज साहू, सतीश यादव, मोंटू चंद्राकर, अंचल प्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




