विश्व सायकल दिवस पर बालोद में सायकल रैली कल

फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 07 जून को सुबह 6 बजे होगा आयोजन
बालोद, 06 जून 2026। विश्व सायकल दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत 07 जून को जिला मुख्यालय बालोद में सायकल रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का शुभारंभ प्रातः 6 बजे सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान से होगा।
सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रैली
अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला खेल अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि ‘संडे ऑन सायकल’ के तहत आयोजित यह रैली सरदार वल्लभ भाई पटेल मैदान से प्रारंभ होकर घड़ी चौक, पुराना बस स्टैंड, सदर मार्केट, मधु चौक और कचहरी चौक होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगी।
फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
उन्होंने बताया कि सायकल रैली का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, सायकलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसके माध्यम से फिट इंडिया का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य का दिया जाएगा संदेश
रैली के दौरान नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्वस्थ जीवन के लिए सायकल के उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सभी वर्गों के लोगों से शामिल होने की अपील
जिला प्रशासन एवं खेल विभाग ने जिले के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




