
खेत में लगी आग, मचा हड़कंप
कुसुमकसा में किसान रमेश धनकर के खेत में रखे पैरावट में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के रिहायशी क्षेत्र के लिए खतरा बन गई। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
6 एकड़ के पैरावट को पहुंचा नुकसान

जानकारी के अनुसार, रमेश धनकर के 6 एकड़ खेत में रखे पैरावट में अज्ञात कारणों से आग लगी थी। खेत के 2 एकड़ हिस्से से तैयार की गई करीब 50 क्विंटल कुट्टी अलग रखी गई थी, जबकि शेष 4 एकड़ का पैरावट ढेर के रूप में रखा था। आग तेजी से फैलते हुए कुट्टी और बस्ती की ओर बढ़ रही थी।
सूचना मिलते ही पहुंचे संजय बैंस
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व जनपद सदस्य एवं जनसेवक संजय बैंस अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयासों के बाद करीब 50 क्विंटल कुट्टी को सुरक्षित बचा लिया गया, हालांकि 4 एकड़ का पैरावट जलकर राख हो गया।
रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच सकता था खतरा
संजय बैंस ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पैरावट घर की बाड़ी के पास रखा हुआ था और आसपास घनी आबादी बसी हुई है। यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो आसपास के मकानों तक पहुंच सकती थी और बड़ी जन-धन हानि हो सकती थी।

ग्रामीणों के सहयोग से टली बड़ी हानि
बैंस ने कहा कि पैरावट अत्यंत ज्वलनशील होता है और उसमें लगी आग पर काबू पाना आसान नहीं होता। सभी लोगों के सामूहिक प्रयास और जनसेवा की भावना से आग को फैलने से रोक लिया गया। इस दौरान संतोष जैन, गोबिंद सिन्हा, भीष्म ठाकुर, पुष्पजीत बैंस, कमलकांत साहू, देवराज जैन सहित अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




