
5 वारदातों का खुलासा
रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा पुलिस ने बिजली पोल तोड़कर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तिल्दा नेवरा और खरोरा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में कुल 5 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
ग्राम कोनारी में किसानों के कृषि पंप कनेक्शन हेतु लगाए गए बिजली पोल तोड़कर केबल और तार चोरी किए गए थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना तथा पुराने अपराधियों की जानकारी जुटाई।
पूछताछ में खुला राज
जांच के दौरान खरोरा निवासी देव प्रसाद पारधी पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथियों मनमोहन नारंग, हेमलाल धृतलहरे और पंकज कुमार टंडन के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
7 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5500 मीटर एल्यूमिनियम वायर, 30 मीटर केबल वायर, 4 व्ही क्रॉस एंगल, 2 एल्यूमिनियम कटर मशीन, एक ओमनी कार और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है।
पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पूर्व में भी अलग-अलग आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ तिल्दा नेवरा और खरोरा थानों में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




