
तिथि बदलने की मांग
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने NEET और PAT परीक्षा की तिथि एक ही दिन होने पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में सामंजस्य का अभाव साफ दिखाई दे रहा है, जिसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 21 जून को NEET और छत्तीसगढ़ PAT परीक्षा एक साथ आयोजित होना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
रूपेश दुबे ने कहा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में लगातार परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था की दुर्गति देखने को मिल रही है। उन्होंने NEET पेपर लीक और छत्तीसगढ़ में 12वीं के पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं से छात्र मानसिक रूप से प्रताड़ित हुए हैं, वहीं पालक वर्ग भी काफी परेशान है।
छात्रों के सामने दुविधा
उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा निरस्त होने के बाद 21 जून को पुनः परीक्षा तिथि तय की गई है, जबकि उसी दिन छत्तीसगढ़ PAT परीक्षा भी आयोजित होनी है। साइंस फैकल्टी के कई विद्यार्थियों ने दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। ऐसे में दोनों परीक्षाओं के सेंटर अलग-अलग होने पर छात्र किस प्रकार परीक्षा देंगे, यह बड़ा सवाल है।
सरकार से अपील
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में बच्चों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता है, तो तत्काल PAT परीक्षा की तिथि बदलकर नई तारीख घोषित करनी चाहिए, ताकि प्रदेश के विद्यार्थी बिना तनाव अपने भविष्य निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर सकें



