
जिले के सभी ग्रामों में आयोजित होगी विशेष ग्राम सभा
बालोद, 19 जून 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 24 जून 2026 को जिले के सभी ग्रामों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन, अवलोकन एवं सत्यापन किया जाएगा।
12 मापदंडों के आधार पर होगा सत्यापन
शासन द्वारा निर्धारित 12 मापदंडों के आधार पर पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम में सूची का प्रदर्शन कर ग्रामीणों के समक्ष उसका वाचन किया जाएगा तथा स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी।

दावा-आपत्ति के लिए मिलेगा अवसर
सूची के सार्वजनिक वाचन के बाद नियमानुसार दावा-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निराकरण किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चन्द्रवंशी ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम सभा की तैयारियां, प्रचार-प्रसार तथा मैदानी अमले के प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एआई आधारित है आवास प्लस 2.0 की सूची
सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि आवास प्लस 2.0 की प्रतीक्षा सूची पूरी तरह सिस्टम एवं एआई आधारित प्रक्रिया से तैयार की गई है। सूची में नाम जोड़ने, हटाने या सत्यापन के नाम पर किसी प्रकार की राशि की मांग या वसूली किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों से सहभागिता की अपील
प्रशासन ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।




