
राजनांदगांव।
शहर के ऐतिहासिक स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला का आज भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद संतोष पांडे एवं अध्यक्षता महापौर मधुसूदन यादव ने की। उद्घाटन के साथ ही मेले में रौनक लौट आई और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। 
22 से 27 जनवरी तक आम जनता के लिए खुला मेला
स्वदेशी मेला 22 जनवरी से 27 जनवरी तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस दौरान शहरवासियों को मनोरंजन, खरीदारी और स्वादिष्ट खान-पान का भरपूर आनंद मिलेगा। मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बच्चों से लेकर परिवारों के लिए आकर्षण
मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें, युवाओं के लिए गेम ज़ोन, वहीं परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल लगाए गए हैं। चाट-पकौड़ी से लेकर पारंपरिक व्यंजन तक, खाने के शौकीनों के लिए कई विकल्प मौजूद हैं।
स्वदेशी उत्पाद और हस्तशिल्प बने आकर्षण
स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ बाहर से आए दुकानदारों द्वारा लगाए गए कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामान और हस्तशिल्प की दुकानों ने मेले की शोभा बढ़ा दी है। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाए गए स्टॉल लोगों को खूब लुभा रहे हैं।
सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन का दावा
आयोजकों ने बताया कि
“हर साल की तरह इस बार भी मेले को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की पूरी कोशिश की गई है। शहरवासियों से अपील है कि वे परिवार सहित आकर मेले का आनंद लें।”
लोगों ने की आयोजन की सराहना
मेले में पहुंचे नागरिकों ने आयोजन की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि यह मेला बच्चों और परिवारों के लिए बेहतरीन मनोरंजन का साधन है और शहर के सामाजिक-सांस्कृतिक माहौल को और जीवंत बनाता है।




