
बालोद थाना क्षेत्र के मेडकी गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना 29 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे की है, जब ग्राम मेडकी की निवासी मकतुला बाई साहू ग्राम सभा की बैठक में शामिल होने जा रही थीं। उसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 08 AF 8199 के चालक लेखराम ठाकुर ने कथित तौर पर ट्रक को तेज रफ्तार में चलाते हुए मेडकी चौक पर मोड़ते समय उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक रोकने के लिए आवाज़ लगाई, लेकिन चालक ने ट्रक को वहीं पर रिवर्स कर दिया, जिससे मकतुला बाई ट्रक के आगे वाले टायर के नीचे आ गईं और ट्रक के नीचे घसीटती चली गईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रार्थी हिमांशु साहू की रिपोर्ट पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 523/25, धारा 105 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान चालक लेखराम ठाकुर को नशे में पाया गया, जिसके बाद जिला अस्पताल बालोद में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। डॉक्टर की रिपोर्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने पर चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी के ट्रक व ड्राइविंग लाइसेंस को जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, प्रआर योगेश सिन्हा, प्रआर दुर्योधन यादव, आरक्षक मुकेश यादव, मोहन कोकिला, नागेश साहू, और महिला आरक्षक लक्ष्मी पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



