धान खरीदी केन्द्र पैरी में सुगम व्यवस्था से खुश किसान संतराम, मोबाइल ऐप से टोकन सुविधा की सराहना
बालोद (छत्तीसगढ़)

बालोद जिले के धान खरीदी केन्द्र पैरी में इस वर्ष किसानों के लिए की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। किसान संतराम साहू ने समर्थन मूल्य पर धान विक्रय करते हुए बताया कि इस बार शासन–प्रशासन द्वारा की गई तैयारियाँ पहले से काफी बेहतर हैं।

उन्होंने कहा कि तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ही टोकन प्राप्त करना बेहद आसान रहा। पहले टोकन के लिए काफी परेशानियाँ होती थीं, लेकिन अब ऑनलाइन व्यवस्था से बिना किसी कठिनाई के धान विक्रय संभव हुआ है।

संतराम साहू लगभग ढाई एकड़ में धान की खेती करते हैं और इस वर्ष उनकी फसल अच्छी हुई है। उन्होंने बताया कि खरीदी केन्द्र में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना, हमाल और तौल मशीन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इससे किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है।
किसान संतराम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसान हितैषी नीतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी की व्यवस्था से किसानों का भविष्य मजबूत हुआ है। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




