
राजनांदगांव, 15 नवम्बर 2025। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी आज से पूरे प्रदेश में शुरू हो गई। राजनांदगांव विकासखंड के भानपुरी स्थित धान उपार्जन केन्द्र में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पूजा-अर्चना कर प्रदेशव्यापी धान खरीदी अभियान का शुभारंभ किया।

डॉ. रमन सिंह ने धान से भरे बारदाने को इलेक्ट्रॉनिक कांटा बाट मशीन में रखकर विधिवत पूजा कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने किसानों को फूलमाला पहनाकर उनका सम्मान किया और खेती-किसानी से जुड़ी बातें करते हुए धान विक्रय के लिए शुभकामनाएं दीं।
3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य तथा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की मान्य मात्रा पर धान खरीदी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन पर खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं—चाहे वह समय पर खरीदी हो, उठाव हो या बारदाने की उपलब्धता।
उन्होंने किसानों से अपील की यदि धान खरीदी में किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होती है तो वे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क करें, समाधान तुरंत किया जाएगा।
जिले में 96 केंद्रों पर खरीदी
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में सभी 96 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है।
इस वर्ष 1,28,410 किसानों का धान बेचने के लिए पंजीयन किया गया है।
सभी केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, मानव संसाधन तथा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
किसानों को धान विक्रय के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिसके आधार पर वे प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक धान बेच सकते हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
शुभारंभ कार्यक्रम में समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, सचिन बघेल, सुमित उपाध्याय, भावेश बैद, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी, केंद्रीय सहकारी समिति के सीईओ श्री सोनी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं सहकारी समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए।




