

राजनांदगांव। नगर निगम के वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिव वर्मा ने कहा है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार पूरी तरह से विकास और सुशासन के पक्ष में है, जिसके चलते राजग सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा।
श्री वर्मा ने कहा कि महागठबंधन अब जनता की नजरों में पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। भ्रष्टाचार, परिवारवाद और वादाखिलाफी से ऊबी जनता अब ठोस विकास और स्थिरता चाहती है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के पास न नीति है, न नीयत और न नेतृत्व, इसी कारण वह चारों खाने चित होगा।
भाजपा पार्षद ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और बिहार भी विकास की नई ऊँचाइयाँ छूने को तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजग की ऐतिहासिक जीत के साथ बिहार में एक नया युग शुरू होगा, जो आत्मनिर्भर और सशक्त बिहार की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा।




