क्राइमटॉप न्यूज़देशराज्य

ढाई महीने से लापता युवक की लाश कार समेत नदी में मिली, हादसे की आशंका पत्नी को मायके छोड़कर लौट रहा था लीलाधर, पुलगांव चौक तक ट्रेस हुई थी मोबाइल लोकेशन

 

 

राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र के खुटेरी गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शिवनाथ नदी में डूबी एक कार से 37 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान भरेंगांव निवासी लीलाधर कुंभकार के रूप में हुई है, जो ढाई महीने से लापता था।

 

 

 

 

22 अगस्त को लीलाधर अपनी पत्नी को तीज त्योहार के लिए उसके मायके जेवरा सिरसा (दुर्ग) छोड़ने गया था। वहां से घर लौटते वक्त वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।

 

कैसे हुआ खुलासा

 

रविवार को खुटेरी के एनीकट के पास कुछ ग्रामीण नहा रहे थे, तभी पानी की सतह पर एक शव का सिर दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत डायल 112 और सोमनी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पानी में तलाश की तो वहां एक कार डूबी हुई मिली। हाइड्रोलिक वाहन की मदद से कार और शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान परिजनों ने लीलाधर के रूप में की।

 

हादसे के संकेत

 

पुलिस जांच में कार का एयरबैग खुला हुआ मिला और सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त था। साथ ही एनीकट में बने सीमेंट के बॉल का एक हिस्सा भी टूटा हुआ पाया गया। पुलिस का मानना है कि लीलाधर की कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई होगी।

 

मामले की जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन से पता चला था कि लीलाधर का फोन आखिरी बार पुलगांव चौक में सक्रिय था। नदी में पानी का स्तर अधिक होने के कारण कार इतने दिनों तक नजर नहीं आई। शव की हालत सड़ी-गली थी, जिससे स्पष्ट है कि यह घटना काफी समय पहले हुई।

 

 

पुलिस जांच जारी

 

सोमनी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और प्राथमिक जांच में इसे एक हादसा माना जा रहा है। हालांकि, अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!