छत्तीसगढ़राज्य

बालोद में रेलवे कर्मचारी के नाबालिग बेटे की सड़क हादसे में मौत: दो माह पहले पिता ने खरीदी थी नई बाइक, चोरी-छिपे दोस्त के साथ निकला था घूमने

बालोद छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिता की नई बाइक चलाने के चक्कर में एक नाबालिग लड़के की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। यह पूरा मामला डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम गुदुम का है।

जानकारी के अनुसार, गुदुम निवासी महेंद्र रावटे लाटाबोड़ रेलवे में कर्मचारी हैं। उन्होंने करीब दो महीने पहले एक नई शाइन बाइक खरीदी थी। 5 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे उनका छोटा बेटा निलेश रावटे (नाबालिग) अपने मित्र हेमलाल गौर के साथ चोरी-छिपे बाइक लेकर घर से घूमने निकल गया।

रात लगभग 1:30 बजे ग्रामीणों को सूचना मिली कि लिम्हाटोला और अवारीनाला के बीच सड़क किनारे एक गंभीर हादसा हुआ है। परिजन मौके पर पहुंचे तो निलेश रावटे के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, उसका दोस्त हेमलाल गौर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। हेमलाल को सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

घायल हेमलाल को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल डौंडी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में बाहर रेफर कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि युवकों को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!