छत्तीसगढ़ राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर ‘आरुग म्यूजिक’ प्रस्तुत करेगा भव्य ‘जय छत्तीसगढ़’ महतारी वंदना
रायपुर, 26 अक्टूबर 2025

‘मोर छइयां भुईयां’ की रजत जयंती पर राज्य की संस्कृति, प्रकृति और प्रगति को समर्पित जय गान का लोकार्पण 27 अक्टूबर को
छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष और प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छइयां भुईयां’ की रजत जयंती के अवसर पर ‘आरुग म्यूजिक’ (Arug Music) एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति लेकर आ रहा है। 27 अक्टूबर को आरुग म्यूजिक अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ‘जय छत्तीसगढ़’ नामक भव्य महतारी वंदना रिलीज करेगा।
यह अवसर ऐतिहासिक है — क्योंकि ठीक 25 साल पहले, 27 अक्टूबर 2000 को अभिनेता अनुज शर्मा की प्रतिष्ठित फिल्म ‘मोर छइयां भुईयां’ रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने न केवल छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई दिशा दी बल्कि राज्य की संस्कृति, गीत, संगीत और अस्मिता को जन-जन तक पहुँचाया।
‘जय छत्तीसगढ़’ महतारी वंदना, छत्तीसगढ़ की उसी भावना — सपना, मान, सम्मान, पहचान, संस्कृति, प्रकृति और प्रगति — को समर्पित है। आरुग म्यूजिक की यह प्रस्तुति सरगुजा से लेकर बस्तर तक फैले छत्तीसगढ़ के विविध रंगों को एक सूत्र में पिरोती है। इस जय गान में राज्य के अनेक मूर्धन्य कलाकार एक साथ आकर माँ छत्तीसगढ़ को नमन करेंगे।
“छत्तीसगढ़ राज्य की 25 साल की यात्रा संकल्प से सफलता की कहानी है। हर उपलब्धि ने राज्य की पहचान को निखारा है। ‘जय छत्तीसगढ़’ गान इसी मान, अभिमान और पहचान को समर्पित हमारा विनम्र प्रयास है। यह गान हर उस सपने और संकल्प का उत्सव है जिसने छत्तीसगढ़ को गढ़ा है।”
सभी छत्तीसगढ़वासियों और कला प्रेमियों से आरुग म्यूजिक ने आग्रह किया है कि वे 27 अक्टूबर को यूट्यूब पर ‘जय छत्तीसगढ़’ जय गान अवश्य देखें और इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनें।




