छत्तीसगढ़राज्य

कलेक्टर ने आदिवासी बहुल ग्राम मंगलतराई में स्कूली बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, शुरू की अभिनव परंपरा

बालोद, 02 सितंबर 2025

बालोद जिला प्रशासन की मुखिया कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर एक अनूठी और शिष्ट परंपरा की शुरुआत करते हुए डौण्डी विकासखंड के आदिवासी बहुल ग्राम मंगलतराई में स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ उत्साहपूर्वक जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला मंगलतराई में बच्चों और ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर न्योता भोज ग्रहण किया और स्वयं बच्चों को भोजन परोसकर आत्मीय स्नेह प्रदर्शित किया।

बच्चों को बांटे स्कूल बैग और टॉफी

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने इस अवसर पर स्कूली बच्चों को स्कूल बैग और टॉफी वितरित किए, साथ ही उन्हें अपार स्नेह और दुलार प्रदान किया। बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। पूरे मनोयोग, निष्ठा और ईमानदारी के साथ पढ़ाई-लिखाई करें और अपने संस्थान, माता-पिता व परिवार का नाम रोशन करें।”

सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय

जन्मदिन समारोह के दौरान कक्षा 7वीं की छात्रा कुमारी हिना के परिजनों ने उनकी किडनी संबंधी बीमारी के इलाज के लिए सहायता की मांग की। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बुलाकर बच्ची के इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत शाला परिसर में पौधरोपण भी किया और शिक्षकों को पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अभिनव परंपरा की सराहना

जिला प्रशासन की मुखिया द्वारा वनांचल के आदिवासी बहुल ग्राम में स्कूली बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने की इस अभिनव और शिष्ट परंपरा की सभी वर्गों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक और श्री अजय किशोर लकरा, एसडीएम डौण्डी श्री सुरेश साहू, एसडीएम डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल, एसडीएम गुण्डरदेही श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष श्री भोलाराम नेताम, सरपंच श्रीमती चंद्रिका सोरी, जिला स्तरीय अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जताया आभार

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अपने जन्मदिन पर स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और अधिकारियों की भारी संख्या में उपस्थिति और उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए हृदय से धन्यवाद और विनम्र आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया, बल्कि जिला प्रशासन और ग्रामीण समुदाय के बीच एक मजबूत रिश्ता भी स्थापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!