
राजनांदगांव। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में चेंबर ऑफ कॉमर्स जिला इकाई राजनांदगांव ने अहम पहल की है। 9 जुलाई 2026 को चेंबर कार्यालय में जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष श्री कमलेश बैद ने की, जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों से शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए। चर्चा के दौरान सदस्यों ने प्रस्ताव रखा कि नगर निगम के सभी 51 वार्डों का संयुक्त निरीक्षण किया जाए, ताकि उन स्थानों की पहचान की जा सके जहां उपयोगी डस्टबिन लगाए जा सकें। उनका मानना था कि पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध होने से लोग कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालेंगे और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी।
बैठक के दौरान ही चेंबर अध्यक्ष श्री कमलेश बैद ने नगर के महापौर श्री मधुसूदन यादव से मोबाइल पर चर्चा कर चेंबर ऑफ कॉमर्स की स्वच्छता संबंधी मंशा से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम आयुक्त से चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि शहर की सफाई को लेकर ठोस कार्ययोजना बनाई जा सके।
महापौर मधुसूदन यादव ने चेंबर के इस प्रस्ताव पर तत्काल सहमति जताते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही नगर निगम, महापौर, आयुक्त और चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि चेंबर ऑफ कॉमर्स राजनांदगांव केवल व्यापारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्वच्छ शहर अभियान में नगर निगम के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से चेंबर अध्यक्ष श्री कमलेश बैद, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री भीमन धनवानी, महामंत्री श्री अरुण दुलानी, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार बाफना, उपाध्यक्ष श्री हर्ष चितलांगिया, मंत्री श्री दीपक नवलखा, श्री हरीश मोटलानी, श्री उत्तम गिड़िया, श्री विजय कांकरिया, श्री विजय ललवानी, श्री महेंद्र सुराणा, श्री राजेश अग्रवाल, श्री सुनील कोटडिया, श्री हर्ष पटेल, श्री नेमीचंद जैन, श्री रमनदीप सिंह भाटिया, श्री विक्की भाटिया, श्री रिक्की सिंह, श्रीमती सुधा पवार, श्रीमती मंजू साहू, श्रीमती संगीता शुक्ला, श्रीमती विम्मी श्रीवास्तव, श्रीमती अखिलेश ठाकुर, श्रीमती मौसमी शर्मा तथा श्रीमती अंशुला वाघले सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




