
दल्लीराजहरा। वार्ड क्रमांक 07 टीचर कॉलोनी में पार्षद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्टील का चूड़ा भी जप्त किया गया है।
रास्ता रोककर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे पार्षद वीरेन्द्र साहू अपने दोस्त हेमंत नेताम के साथ शादी कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टीचर कॉलोनी ग्राउंड के पास तीन आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने वार्ड की समस्याओं को लेकर विवाद करते हुए पार्षद के साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और पहने हुए स्टील के चूड़े से मारपीट कर दी। हमले में पार्षद के नाक, आंख और गाल सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
गला दबाने का भी आरोप
मामले में प्रार्थी हेमंत नेताम की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों और घायल पार्षद के बयान में सामने आया कि आरोपियों ने गमछे से गला दबाने की भी कोशिश की। इसके आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) जोड़ी गई।
दुर्ग और धमतरी से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य के आदेश और पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन में टीम गठित की गई।
नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में पुलिस और साइबर सेल की टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना राजहरा पुलिस और साइबर सेल बालोद की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक यादव (33 वर्ष) पिता बिसौहा राम अजीत सिंह (34 वर्ष) पिता राम उदगार सिंह कैलाश साहू (38 वर्ष) पिता स्व. सोहन लाल तीनों आरोपी वार्ड क्रमांक 07 टीचर कॉलोनी, दल्ली राजहरा थाना दल्ली राजहरा जिला बालोद (छत्तीसगढ़) के निवासी हैं।




