
राजनांदगांव, 18 फरवरी।
महापौर श्री मधुसूदन यादव ने निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, राजस्व विभाग के प्रभारी सदस्य श्री राजा माखीजा एवं लोककर्म विभाग के प्रभारी सदस्य श्री सावन वर्मा की उपस्थिति में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कुल डिमांड एवं वसूली की स्थिति की जानकारी लेकर वित्तीय वर्ष समाप्ति से पहले अधिक से अधिक वसूली करने के निर्देश दिए गए।
वसूली बढ़ाने पर जोर
महापौर ने कहा कि राजस्व विभाग नगर निगम की रीढ़ है। कर्मचारियों की मेहनत से ही वेतन एवं अन्य व्यय का भुगतान संभव होता है। उन्होंने शेष दिनों में विशेष अभियान चलाकर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
डिमांड दुरुस्त करने के निर्देश
शासकीय एवं निजी कॉलोनियों में डिमांड दुरुस्त कर वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया। कर्मचारियों से वसूली में आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी ली गई।
जलकर व नल कनेक्शन की जांच
महापौर ने जलकर वसूली के लिए नल कनेक्शनों की जांच के निर्देश दिए। डबल कनेक्शन वाले घरों से सही जलकर वसूली तथा भागीरथी एवं अमृत मिशन योजना के तहत लगे कनेक्शनों से भी कर वसूली सुनिश्चित करने कहा। लंबे समय से बकायादारों के नल कनेक्शन काटने के निर्देश भी दिए गए।
दुकानों और बाजार की समीक्षा
दुकानों के बकाया प्रीमियम की वसूली, अनुबंध विहीन दुकानों का अनुबंध कर किराया प्रारंभ करने तथा हाट-बाजार व पौनी पसारी योजना के तहत बने चबूतरों का किराया नहीं देने वालों का आबंटन निरस्त कर पुनः आबंटन की कार्रवाई करने कहा गया।
सोमवार को विशेष उपस्थिति
राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी को निर्देशित किया गया कि सभी वार्ड प्रभारी प्रत्येक सोमवार को राजस्व कार्यालय में उपस्थित रहकर वसूली सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर अवकाश के दिनों में भी कार्यालय खोलकर वसूली करने के निर्देश दिए गए।
नागरिकों से अपील
महापौर ने सभी बकायादारों से अपने बकाया करों का शीघ्र भुगतान कर अधिभार से बचने और नगर विकास में सहयोग करने की अपील की। बैठक में राजस्व उप निरीक्षक एवं सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।




