
बालोद।
आमापारा बालोद नहर नाली के पास चाकू से प्राणघातक हमला करने के मामले में बालोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, बजाज पल्सर आरएस-200 मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धमेंद्र ठाकुर निवासी ग्राम खपरी ने थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 फरवरी की रात करीब 3.30 बजे शराब दुकान आमापारा से घर लौटते समय नहर के पास सड़क पर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को हटाने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान तीन युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में एक युवक ने चाकू से प्रवीण निर्मलकर के पेट और पीठ पर 4-5 वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपियों अमन सोनी, गुलशन साहू और एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार किया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना बालोद पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




