
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा शहर में गुरुवार शाम चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाने पहुंचे मुचलके पर रिहा तीन युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दो युवक इस हमले में घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया है।
खेल मैदान में मचा हड़कंप


घटना गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे वार्ड क्रमांक 24 स्थित खेल मैदान की है। कुछ दिन पहले हुए मारपीट के मामले में मुचलके पर रिहा आरोपी स्कूटी से मौके पर पहुंचे और पीड़ित चुम्मन ठाकुर को एफआईआर वापस लेने के लिए धमकाने लगे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर दबाव बनाया।
बीच-बचाव करने आए युवकों पर हमला
इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे नारायण नेताम (29 वर्ष) और अंकित यादव (25 वर्ष) पर आरोपियों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। दोनों को दौड़ा-दौड़ा कर चाकू मारा गया, जिससे खेल मैदान में अफरा-तफरी मच गई।
नारायण नेताम की हालत गंभीर

घायल नारायण नेताम को तत्काल दल्लीराजहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां पेट में फंसे चाकू को निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल बालोद लेकर पहुंचे। वहां भी पेट और कमर से लगातार खून बहने के कारण हालत बिगड़ती गई। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तत्काल राजनांदगांव रेफर कर दिया।
ऑपरेशन जरूरी, इसलिए किया रेफर 
डॉक्टरों के अनुसार नारायण नेताम के शरीर में चाकू गंभीर स्थान पर लगा है और तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता है। इसी कारण उसे हायर सेंटर भेजा गया है।
घायल का बयान
घायल नारायण नेताम ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते तीन युवक लगातार एफआईआर वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इसी दौरान अचानक चाकू निकालकर मुझ पर और अंकित यादव पर हमला कर दिया गया। अंकित के हाथ और पैर में चोट आई है, जबकि नारायण की पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास गंभीर चोट लगी है।
आरोपियों की तलाश जारी
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि मुचलके पर रिहा आरोपी पीड़ित को धमकाने पहुंचे थे। इसी दौरान चाकूबाजी की घटना हुई है। मामले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




