छत्तीसगढ़

बालोद में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र पहल

बालोद, 08 अगस्त 2025:

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बालोद जिले में निक्षय मित्र बनाने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे. एल. उईके के निर्देशानुसार और जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री अखिलेश शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में सहकारिता विभाग के उप आयुक्त श्री राजेन्द्र प्रसाद राठिया ने बालोद जिले के 05 उपचाररत टीबी मरीजों को पोषण आहार प्रदान किया। निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लिया जाता है और उन्हें न्यूनतम 6 माह के लिए पोषण आहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। पोषण आहार की टोकरी में प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ जैसे दाल, सोयाबीन बड़ी, तेल, गुड़, दलिया, चना, अंडा आदि शामिल होते हैं।

कोई भी आम नागरिक निक्षय मित्र बनकर अपनी इच्छानुसार टीबी मरीजों को पोषण आहार प्रदान कर सकता है, जिससे टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में योगदान मिल सके। बालोद जिले में अब तक 710 निक्षय मित्रों द्वारा फूड बास्केट का वितरण किया जा चुका है।

यह पोषण आहार वितरण कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, बालोद में आयोजित किया गया, जहां हितग्राहियों की काउंसलिंग की गई और टीबी के बचाव व नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला पीपीएम समन्वयक सायरा खान, जिला पीएमडीटी समन्वयक श्री सतेन्द्र साहू, ब्लॉक टीबी सुपरवाइजर कु. अल्पना कलिहारी, श्री पिनेशवर साहू सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!