
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर दल्ली राजहरा में भव्य विजय रैली निकाली गई। यह रैली गुप्ता चौक से बस स्टैंड चौक तक निकली, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।
जश्न में दिखा उत्साह
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में पेड़ा, लड्डू और झालपुरी बांटकर खुशी जताई गई। बैंड-बाजे और पटाखों के साथ जीत का जश्न मनाया गया। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी।
स्वाधीन जैन भी हुए शामिल
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वाधीन जैन स्वयं रैली में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
प्रमुख जनों की रही मौजूदगी
रैली में मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, उपाध्यक्ष मनोज दुबे, व्यापारी संघ अध्यक्ष गोविंद वाधवानी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ नेताओं की अहम भूमिका
स्वाधीन जैन ने बताया कि इस चुनाव में छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि संगठन महामंत्री पवन साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने लगातार मेहनत की।
कार्यकर्ताओं को दिया श्रेय
जैन ने कहा कि पिछले छह महीनों से कार्यकर्ता बंगाल में रहकर प्रचार-प्रसार में जुटे थे, जिसकी बदौलत यह सफलता मिली। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को इस जीत के लिए बधाई दी।




