
धमतरी। जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बर्न वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
झुलसने के बाद अस्पताल में थी भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खोपाबेड़ा, जिला कोंडागांव निवासी दशोमती नेताम (20 वर्ष) पिता सायतु नेताम धमतरी के हरिओम राइस मिल में मजदूरी का काम करती थी। बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय वह झुलस गई थी, जिसके बाद 10 मार्च को उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था। यहां उसका उपचार चल रहा था।
बाथरूम में मिली फंदे पर लटकी
घटना के समय दशोमती की बहन जगमती सोरी भी उसके साथ अस्पताल में मौजूद थी। बुधवार दोपहर दशोमती बाथरूम गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद करीब दोपहर 1 बजे उसकी बहन ने जाकर देखा तो वह गमछे के फंदे से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, सीएमएचओ डॉ. यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. टोंडर सहित अस्पताल प्रबंधन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस इस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं।



