
कलेक्टर ने बांटे सीड बॉल, हरियाली बढ़ाने का आह्वान
जिले को हराभरा बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘मिशन अंकुर’ अभियान की शुरुआत की गई। संयुक्त जिला कार्यालय के जनदर्शन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आमजनों को सीड बॉल वितरित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से खाली और बंजर स्थानों पर सीड बॉल फेंककर हरियाली बढ़ाने में सहभागिता निभाने की अपील की।

3.50 लाख सीड बॉल तैयार, बारिश में बनेंगे पौधे
अभियान के तहत स्थानीय प्रजातियों जैसे नीम, पीपल, बरगद, मुनगा, करंज, कटहल और इमली के बीजों से सीड बॉल तैयार किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाओं ने 2.50 लाख और वन विभाग ने 1 लाख सीड बॉल तैयार किए हैं। इस तरह कुल 3.50 लाख सीड बॉल जिले में तैयार किए गए हैं।
जनदर्शन में लोगों को अभियान से जोड़ा गया

शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, दुर्ग वनमंडलाधिकारी दीपेश कपिल, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारियों ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों को सीड बॉल वितरित कर अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जल संरक्षण का भी दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जल संरक्षण के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों को सोखता गड्ढा और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी व्यवस्थाएं अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए पानी के सदुपयोग का संदेश दिया।
स्व-सहायता समूहों की सराहनीय भूमिका
कलेक्टर ने सीड बॉल निर्माण में योगदान देने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जिले को हराभरा बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने भी कहा कि सीड बॉल के माध्यम से बड़े पैमाने पर पौधे तैयार कर पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा दी जा सकती है।




