
बालोद, 24 जनवरी 2026।
जिले में वनभूमि संरक्षण को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 35 एकड़ वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई बालोद वनमंडल अंतर्गत दल्ली परिक्षेत्र के कंजेली परिसर (कक्ष क्रमांक 55 आर.एफ.) में की गई।
संयुक्त कार्रवाई से विफल किया गया अतिक्रमण का प्रयास
वन विभाग ने पुलिस, प्रशासन एवं संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सहयोग से अतिक्रमण के प्रयास को समय रहते विफल किया। विभाग को मंगलवार को अतिक्रमण की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर फील्ड निरीक्षण किया।
कार्ययोजना बनाकर की गई कार्रवाई
वन मंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि निरीक्षण के बाद वन प्रबंधन समिति के साथ मिलकर सुस्पष्ट कार्ययोजना तैयार की गई, जिसके आधार पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
अतिक्रमणकारियों पर कानूनी कार्यवाही
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही नियमानुसार वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।
लापरवाही पर वन अमले पर गिरी गाज
मामले में लापरवाही बरतने पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए
संबंधित बीटगार्ड को निलंबित किया है
वहीं सहायक परिक्षेत्र अधिकारी को उनके कार्य क्षेत्र से हटाया गया है
ग्रामीणों के हित में होंगे विकास कार्य
वन मंडलाधिकारी ने बताया कि उक्त क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों के लाभ को ध्यान में रखते हुए वनवर्धन एवं चारागाह विकास से जुड़े कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा।




