
राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आलीखूंटा में मतदाता सत्यापन के तहत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारंभ की गई SIR (Special Summary Revision) प्रक्रिया पूरी तरह सम्पन्न हो गई है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं राजनांदगांव लोकसभा प्रभारी शाहिद भाई ने बूथ क्रमांक 162 की बीएलओ हेमलता साहू का साल भेंट कर सम्मान किया और उनके दायित्व निर्वहन की सराहना की।

निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नामों का सत्यापन कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों को अपने नाम वाले मतदान केंद्र की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में शाहिद भाई अपने ग्राम के बूथ की SIR प्रक्रिया का निरंतर अनुश्रवण कर रहे थे।
शाहिद भाई ने कहा कि “असमय SIR कराना एक थोपी गई प्रक्रिया जैसी है, कम समय में यह कार्य चुनौतीपूर्ण होता है। इसके बावजूद कांग्रेस उन सभी प्रदेशों में पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, जहां यह प्रक्रिया चल रही है, ताकि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलती या साजिश के कारण न कटे।
”बीएलओ सम्मान कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेश दुबे, क्षेत्रीय नेता चैन साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फुलेश्वरी साहू, हीरा सिंह, सदाराम साहू, खेदूराम साहू, परऊ राम साहू, सुरेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




