
ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मजबूत बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के धरसींवा विधायक अनुज शर्मा को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उपचुनाव प्रभारी के रूप में अनुज शर्मा ने शुक्रवार को लगातार पांच स्थानों—केंदुबहारा, पवरतला, बेलटूकरी, बिसोरा और भेसांताल—पर चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा, उन्होंने सभी मंडलों, बूथ प्रभारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की।

भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया के समर्थन में अनुज शर्मा घर-घर जाकर जनता से वोट की अपील कर रहे हैं। संगठन की बैठकों में मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को स्थानीय मुद्दों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासोन्मुखी नेतृत्व, भाजपा की ओडिशा विकास योजनाओं, रोजगार सृजन, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों को आर्थिक सहायता, जनकल्याणकारी योजनाओं और अधोसंरचना विकास की जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निरंतर जनसंपर्क कर अधिक से अधिक मतदाताओं को प्रेरित करने का मार्गदर्शन किया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “नुआपाड़ा की जनता उपचुनाव को लेकर उत्साहित है। कार्यकर्ताओं में अपार ऊर्जा और समर्पण दिख रहा है। ‘फिर एक बार भाजपा सरकार’ के नारे के साथ जनसंपर्क में अपार समर्थन मिल रहा है। जनता मोदी सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पूरा होते देख चुकी है। इन परिवर्तनकारी नीतियों से नुआपाड़ा में ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी।”

जनसंपर्क के दौरान जनता से संवाद में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल स्पष्ट है। लोग ओडिशा में हुए अभूतपूर्व बदलाव अपनी जुबान से बता रहे हैं। अनुज शर्मा ने जोर देकर कहा कि ओडिशा के विकास को नई दिशा देने, हितों की रक्षा, किसानों के सम्मान, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जनता फिर से भाजपा सरकार बनाने को संकल्पबद्ध है।
इस दौरान ओडिशा सरकार के मंत्री नित्यानंद गोंड सहित क्षेत्रीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




