AAFT University के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल और विधायक अनुज शर्मा
रायपुर, गुरुवार (06 नवंबर 2025)

राजधानी रायपुर स्थित AAFT University में आज भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका, मंत्री टंकराम वर्मा और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि भारतीय परंपरा में शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का माध्यम मानी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विद्या वह है जो व्यक्ति के जीवन को सार्थक बनाती है और उसे अनुशासन, कौशल व आत्मबोध से परिपूर्ण करती है।
अनुज शर्मा ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) इसी मूल विचार पर आधारित है, जो शिक्षा को सूचना प्रदान करने के बजाय नवाचार, रचनात्मकता और कर्मशीलता से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि असली सफलता केवल ज्ञान से नहीं, बल्कि कौशल और अभ्यास से मिलती है।
AAFT University की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि संस्थान ने मीडिया और आर्ट्स की शिक्षा को कौशल-आधारित और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाते हुए अग्रणी पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि यहाँ दी जाने वाली शिक्षा सृजनशीलता के साथ-साथ परिश्रम और व्यावहारिक दक्षता पर केंद्रित है।
स्नातक विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके जीवन का महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह उपाधि उनके धैर्य, अनुकूलनशीलता और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में डॉ. संदीप मारवाह, कुलपति, प्रोफेसर, व्याख्याता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।




