छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़राज्य

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस: PM मोदी ने नए विधानसभा भवन का किया उद्घाटन, विधायक अनुज शर्मा ने बताया संस्कृति का प्रतीक

रायपुर, 1 नवंबर:

छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस को रजत जयंती के रूप में पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया, राज्योत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में शामिल हुए स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने इसे छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण करने के साथ ही नवा रायपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया, ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन किया और ब्रह्माकुमारी शांति शिखर का दौरा किया। इसके अलावा, श्री सत्य साईं हॉस्पिटल में हार्ट सर्जरी से ठीक हुए बच्चों से ‘दिल की बात’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उक्त सभी कार्यक्रमों में विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रयास से 25 वर्ष पूर्व इस सुंदर छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ था। आज राज्य स्थापना दिवस पर स्व. अटल जी के संकल्प को मन में रखकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में हम विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

विधायक शर्मा ने आगे कहा, “हमारी विष्णु देव साय सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में तेजी से विकास हो रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने छत्तीसगढ़ के नए अत्याधुनिक और भव्य विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। यह भवन केवल एक इमारत ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक भी है। ‘धान का कटोरा’ कहलाने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान को इस भवन की वास्तुकला में बखूबी पिरोया गया है।”

रजत जयंती समारोह ने प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!