छत्तीसगढ़राज्य

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री से मिले धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, श्रमिकों की समस्याओं पर की चर्चा

28 अगस्त 2025, गुरुवार

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने अपने दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री श्री मनसुख मांडविया से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विधायक श्री शर्मा ने धरसींवा के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं और उनके हितों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि धरसींवा का औद्योगिक क्षेत्र क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। इन श्रमिकों के हितों, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों की रक्षा अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने श्रमिकों की समस्याओं को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखते हुए उनके कल्याण के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री श्री मांडविया ने श्रमिकों के अधिकारों और कल्याण के प्रति अपनी संवेदनशीलता जाहिर करते हुए आश्वासन दिया कि श्रमिकों को विकास का लाभ पूर्ण सुरक्षा और गरिमा के साथ मिलेगा। साथ ही, उन्होंने धरसींवा के औद्योगिक विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक अनुज शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के श्रमिकों और निवासियों में नई आशा और विश्वास जगाता है। उन्होंने धरसींवा की जनता की ओर से श्री मांडविया का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि इस चर्चा का सकारात्मक प्रभाव धरातल पर शीघ्र दिखाई देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!