
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती देशभर के साथ-साथ जिले में भी बड़े पैमाने पर मनाई जाएगी। इसी को लेकर भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केशकाल के विधायक नीलकंठ टेकाम ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

विधायक टेकाम ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी थी। उनकी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समारोह में भव्य आयोजन के साथ-साथ समाज के प्रमुख लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के लिए विशेष लाभ वितरण योजना भी आयोजित की जाएगी। टेकाम ने कहा कि वर्तमान में राज्य की साय सरकार और केंद्र की मोदी सरकार जनहित के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ लगातार लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महामंत्री सौरभ कोठारी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं सामाजिक बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




