छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का गरिमामयी समापन, 40 नेक व्यक्ति व 50 सड़क सुरक्षा मितान सम्मानित बालोद में माहभर चले जागरूकता अभियानों के बाद हुआ समापन समारोह, 447 लोगों को जारी हुए लर्निंग लाइसेंस

बालोद,छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन अवसर पर यातायात कार्यालय बालोद के सामने गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ। समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति प्रतिभा चौधरी एवं अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। अतिथियों ने अपने संबोधन में वाहन चालकों से संयमित गति से वाहन चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।

नेक व्यक्तियों व सड़क सुरक्षा मितानों का सम्मान   

समारोह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले 40 नेक व्यक्तियों एवं 50 सड़क सुरक्षा मितानों को प्रशस्ति पत्र, हेलमेट और फर्स्ट एड किट देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा निबंध, स्लोगन, चित्रकला, रंगोली व मॉडल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 60 स्कूली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, डायरी, सड़क सुरक्षा कैलेंडर 2026 एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।

माहभर चले विविध जागरूकता कार्यक्रम

सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से —

हेलमेट पहनकर बाइक रैली

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता

हाट-बाजार, मेला-मंडई में जागरूकता रथ द्वारा प्रचार

स्कूली बच्चों की निबंध, स्लोगन, चित्रकला, रंगोली व मॉडल प्रतियोगिता

जुम्बा कार्यक्रम

रक्तदान शिविर

शपथ कार्यक्रम

गुलाब फूल भेंट कर जागरूकता अभियान

बालोद के रंग कला जत्था के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन न चलाने, तीन सवारी न बैठाने, सीट बेल्ट लगाने तथा शराब सेवन कर वाहन न चलाने का संदेश दिया।

लर्निंग लाइसेंस व स्वास्थ्य जांच शिविर

बालोद व दल्लीराजहरा में आयोजित शिविरों के माध्यम से 447 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए।

147 वाहन चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से 24 स्कूली बसों की जांच की गई।

अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

 

कार्यक्रम में माया शर्मा, श्री बोनीफॉस एक्का, उप पुलिस अधीक्षक बालोद, तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. श्रीमाली, डॉ. मूर्ति, रक्षित निरीक्षक श्रीमति रेवती वर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री रविशंकर पाण्डेय, थाना प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा सहित पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा

अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!