
राजनांदगांव।
शहर के जयस्तंभ चौक में बुधवार को संस्कार जमीन कारोबारी संघ द्वारा संपत्ति की गाइडलाइन दर में अचानक की गई वृद्धि के खिलाफ सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इस बढ़ोत्तरी को अव्यवहारिक और आम जनता पर आर्थिक बोझ बताया।
ज्ञापन में संघ ने उल्लेख किया कि 20 नवंबर 2025 को शासन द्वारा संपत्ति की गाइडलाइन दर में अचानक की गई वृद्धि पूर्व दरों की तुलना में अत्यधिक है, जिससे आमजन, किसानों सहित सभी वर्गों के लिए जमीन/मकान की क्रय-विक्रय प्रक्रिया महंगी और कठिन हो गई है।

संघ ने कहा कि अप्रत्याशित बढ़ोतरी के कारण लोगों के लिए रजिस्ट्री कराना मुश्किल हो गया है और बढ़े हुए रजिस्ट्री खर्च के चलते पंजीयन कार्यालयों में सन्नाटा दिखाई दे रहा है। किसानों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर इसकी मार अधिक पड़ रही है।
करोबारी संघ ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को भी प्रतिलिपि भेजकर आग्रह किया है कि बढ़ाई गई गाइडलाइन दरों पर पुनः विचार किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना न करना पड़े और संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया सामान्य हो सके।




