माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान – अनुज शर्मा
दरभंगा, बिहार:

बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की संयुक्त ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माता के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी ने देशभर में तीव्र आक्रोश पैदा कर दिया है। इस घटना ने भारतीय संस्कृति और मातृत्व के सम्मान पर गहरा प्रहार किया है, जिसके खिलाफ धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं।
अनुज शर्मा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा,
“कांग्रेस और आरजेडी की रैली में एक ऐसी मां के खिलाफ अपशब्द बोले गए, जिनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। क्या उनका एकमात्र दोष यह था कि उनका बेटा, नरेंद्र मोदी, भारत माता की सेवा में दिन-रात समर्पित है? राहुल गांधी पहले भी प्रधानमंत्री के खिलाफ तू-तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं, और अब उनकी पार्टी के मंच से मातृत्व की पवित्रता को ठेस पहुंचाई गई है। यह न केवल राजनीतिक मर्यादा का पतन है, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान पर हमला है।”
उन्होंने आगे कहा,
“एक मां, जिसने अपने त्याग और संस्कारों से एक ऐसे सपूत को जन्म दिया, जो आज 140 करोड़ भारतीयों के लिए प्रेरणा का प्रतीक है और विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रहा है, उसके खिलाफ ऐसी दुर्भावना कांग्रेस और आरजेडी की कुंठित मानसिकता को उजागर करती है। यह कृत्य हर उस भारतीय के हृदय को चोट पहुंचाता है, जो मातृभक्ति और सम्मान की भावना को जीता है। बिहार की जागरूक और संवेदनशील जनता इस घृणित राजनीति को स्पष्ट रूप से देख रही है। आगामी चुनाव में जनता अपने मतों के माध्यम से इसका करारा जवाब देगी और भारतीय संस्कृति व मर्यादा की रक्षा करेगी।”
अनुज शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ता और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा,
“मोदी बनना आसान नहीं है। हर कठिनाई, व्यक्तिगत प्रहार और विपक्ष की अभद्र टिप्पणियों का सामना करते हुए भी, विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में देशवासियों के हित के लिए निरंतर कार्यरत रहना केवल हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं।”




