
ग्राम चिटौद में 12 अगस्त 2025 को हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देश और पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना पुरूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
घटना का विवरण
12 अगस्त 2025 की रात करीब 8:30 बजे थाना प्रभारी पुरूर, उप निरीक्षक प्रदीप कंवर को सूचना मिली कि एनएच 30 मार्ग, कमलसागरपारा के पास मनीष सिन्हा ने दो व्यक्तियों के साथ मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल व्यक्ति खून से लथपथ सड़क पर पड़ा था, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तुरंत घायल को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान भागवत मरकाम (25 वर्ष), निवासी भोथापारा, माडमसिल्ली, थाना करेगांव, जिला धमतरी के रूप में हुई। प्रार्थी भागवत बंजारे की शिकायत पर थाना पुरूर में अपराध क्रमांक 82/2025, धारा 109, 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ
थाना प्रभारी प्रदीप कंवर के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी मनीष सिन्हा (28 वर्ष), निवासी ग्राम चिटौद, थाना पुरूर, जिला बालोद को उसके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ में मनीष ने स्वीकार किया कि मृतक भागवत मरकाम के साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज और विवाद के बाद उसने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे मरकाम की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को आरोपी के कब्जे से बरामद कर विधिवत् जप्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस मामले में थाना पुरूर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की सराहना की जा रही है। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर श्री बोनीफास एक्का और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।




