
नई दिल्ली: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के तहत छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने राज्य के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस उपलब्धि ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने टॉप-3 में स्थान हासिल कर गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की। नगर पंचायत बिल्हा को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। वहीं, बिलासपुर ने 3 लाख से 10 लाख जनसंख्या वाली श्रेणी में दूसरा सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त किया। इसके अलावा, कुम्हारी ने 20 से 50 हजार आबादी वाले शहरों में तीसरा स्थान हासिल किया।
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर देशभर में झंडा गाड़ दिया है। यह उपलब्धि जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। यह सम्मान पूरे प्रदेशवासियों के लिए गर्व का क्षण है।” उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप-मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन विभाग) श्री अरुण साव के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें और समस्त छत्तीसगढ़वासियों को बधाई दी।
यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जो अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।