
ओल्ड सीमापुरी में ‘अजीत सिंह राणा मेमोरियल स्किल सेंटर’ का उद्घाटन, वंचितों को मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण
दिल्ली से विशेष रिपोर्ट
दिल्ली के ओल्ड सीमापुरी क्षेत्र में वंचित परिवारों के लिए आज एक नई उम्मीद की किरण जली। राजेश सिंह राणा (आईएएस) ने अपने पिता स्वर्गीय अजीत सिंह राणा की स्मृति में करोड़ों रुपये का पुश्तैनी घर दान कर “अजीत सिंह राणा मेमोरियल स्किल सेंटर” की स्थापना की।

इस स्किल सेंटर का उद्घाटन PHD Family Welfare Foundation द्वारा Jaquar Foundation के सहयोग से किया गया।
महिलाओं और युवाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण
यह फ्री स्किल डेवलपमेंट सेंटर विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद समुदायों के लिए तैयार किया गया है। यहां महिलाओं और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्य कोर्स शामिल हैं:
सिलाई (टेलरिंग)
कढ़ाई (एम्ब्रॉयडरी)
इंग्लिश स्पीकिंग
सेल्फ डिफेंस
ब्यूटीशियन ट्रेनिंग
कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए कोचिंग
कंप्यूटर प्रशिक्षण
इन कोर्सों का उद्देश्य प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनाना, आत्मविश्वास बढ़ाना और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
भावुक हुए IAS राजेश राणा
उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान राजेश सिंह राणा भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें जो सम्मान और सफलता दी है, वह उसी समाज को लौटाना चाहते हैं।
उन्होंने सेंटर का नाम अपने दिवंगत पिता के सम्मान में रखा और सभी नामांकित लाभार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रहे ये विशेष अतिथि
समारोह में श्रीमती राजवती राणा, श्रीमती जिज्ञासा राणा, जाक्वार फाउंडेशन के CSR हेड कंवर शमशेर, PHDFWF की चेयरपर्सन अनुराधा गोयल सहित गवर्निंग बोर्ड सदस्य, परिवारजन और स्थानीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
समाज सेवा की मिसाल
यह पहल न केवल सीमापुरी क्षेत्र के वंचित परिवारों के लिए वरदान साबित होगी, बल्कि समाज के सक्षम वर्ग के लिए भी प्रेरणा बनेगी कि सफलता का असली अर्थ समाज को वापस देना है।
