
राजनांदगांव। पावन पाप मोचनी एकादशी के अवसर पर आगामी 15 मार्च को डोंगरगांव में संत शिरोमणि भक्त कर्मा माता जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कर्मा जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिला साहू समाज में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति, सामूहिक विवाह
जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू ने जानकारी दी कि कार्यक्रम मुख्यमंत्री की उपस्थिति में संपन्न होगा। महोत्सव के दौरान चार जोड़ों का सामूहिक विवाह भी आयोजित किया जाएगा, जो सामाजिक एकता और सहयोग का प्रतीक होगा।
तैयारी बैठक संपन्न
साहू सदन में नगर, तहसील एवं जिला साहू संघ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाएं और समाज की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
निकलेगी मोटरसाइकिल रैली
निर्णय अनुसार जयंती से एक दिन पूर्व शहर में भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से समाज की एकता, सामाजिक समरसता और संत कर्मा माता के आदर्शों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसमें युवा, महिला एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में महामंत्री नीलमणी साहू, पूर्व कोषाध्यक्ष विवेक साहू, तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, नगर अध्यक्ष राजेश साहू, मीडिया प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष अंकालू साहू सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
आदर्शों का संदेश
संत शिरोमणि भक्त कर्मा माता त्याग, सेवा, भक्ति और सामाजिक समरसता की प्रतीक रही हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज नई पीढ़ी तक उनके आदर्शों को पहुंचाने का संकल्प दोहराएगा।
उपस्थिति की अपील
जिला साहू संघ ने समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



