
बालोद। जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल का संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर ने आकस्मिक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और कक्षों में पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर, सिविल सर्जन, एसडीएम सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
ओपीडी में उपकरणों की ली जानकारी
संभागायुक्त ने नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग के ओपीडी में पहुंचकर चिकित्सकों से मरीजों की जांच के लिए उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों।
मरीजों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुरुष वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों की राय भी जानी।
चिकित्सकों को दिए निर्देश
संभागायुक्त ने चिकित्सकों और अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों को मरीजों का समुचित उपचार करने के साथ ही उनके साथ मधुर और आत्मीय व्यवहार करने की समझाइश दी।
प्रतीक्षालय और कैंटीन निर्माण के निर्देश
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जिला अस्पताल परिसर में प्रतीक्षालय और कैंटीन निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि
निरीक्षण के बाद संभागायुक्त एस.एन. राठौर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतुष्टि जाहिर की।




