सरकारी रेस्टहाउस में निजी गाड़ी धुलवाने का मामला, मास्टर रोल कर्मचारी से कराया गया निजी कार्य
बालोद छत्तीसगढ़
सरकारी रेस्टहाउस में नियमों को ताक पर रखे जाने का एक मामला सामने आया है। टाइम पीपर किशोर श्रीवास्तव पर आरोप है कि उन्होंने रेस्टहाउस परिसर में कार्यरत मास्टर रोल कर्मचारी परस सोरी से अपनी निजी गाड़ी धुलवाई। यह पूरा घटनाक्रम उस समय उजागर हुआ जब रेस्टहाउस में मौजूद लोगों ने एक सरकारी कर्मचारी से निजी कार्य कराए जाने पर आपत्ति जताई।
मामले को लेकर जब किशोर श्रीवास्तव से सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह कार्य ईई पूर्णिमा चंद्रा से पूछकर ही कराया है। हालांकि, नियमों के जानकारों का कहना है कि सरकारी रेस्टहाउस में कार्यरत मास्टर रोल कर्मचारी से निजी वाहन की सेवा लेना सेवा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किशोर श्रीवास्तव द्वारा केवल रेस्टहाउस में ही नहीं, बल्कि मास्टर रोल कर्मचारी से अपने निजी निवास से जुड़े कार्य भी कराए जाते रहे हैं। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला गंभीर प्रशासनिक अनियमितता की श्रेणी में आएगा।
इस पूरे मामले में पक्ष जानने के लिए The Chhattisgarh की टीम ने संबंधित अधिकारी ईई पूर्णिमा चंद्रा से लगातार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका फोन नहीं उठ पाया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों से निजी कार्य कराना नियमों के खिलाफ है और इस तरह के मामलों पर विभागीय स्तर पर तत्काल संज्ञान लिया जाना चाहिए। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि उच्च अधिकारी इस पूरे प्रकरण में क्या रुख अपनाते हैं और क्या मामले की जांच के आदेश दिए जाते हैं या नहीं।




