
राजनांदगांव।
पुलिस थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दो शराब कोचियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 48 पौवा देशी प्लेन मदिरा एवं घटना में प्रयुक्त जुपिटर मोटरसाइकिल जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई।
मामले का संक्षिप्त विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान सूचना प्राप्त हुई थी कि मोहारा ओवरब्रिज के नीचे ग्रे रंग की जुपिटर वाहन में दो व्यक्ति अवैध शराब बिक्री हेतु ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अविनाश उर्फ मोनु गुप्ता (उम्र 34 वर्ष) एवं सूरज जांगड़े (उम्र 32 वर्ष), दोनों निवासी नंदई कुआं चौक, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से रखी गई 48 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत ₹3,840/- आंकी गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त जुपिटर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AZ 0251 को भी जप्त किया गया।
थाना बसंतपुर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 50/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शराब कोचियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उपनिरीक्षक नरेश सार्वा, सउनि मनमोहन साहू, प्रधान आरक्षक महेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक अतहर अली, जामिन्द्र वर्मा सहित अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




