
डायरेक्टरों की संपत्ति सीज करने की मांग
राजनांदगांव एवीएम रियल स्टेट एंड एलाइड कंपनी द्वारा ग्रामीण निवेशकों की रकम हड़पने के मामले में सोमवार को टेड़ेसरा में जोरदार प्रदर्शन किया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में पीड़ित निवेशकों ने चक्काजाम कर पूंजी वापसी की मांग उठाई।
संपत्ति ट्रांसफर पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान जितेंद्र मुदलियार ने आरोप लगाया कि कंपनी के डायरेक्टर अपनी संपत्तियां रिश्तेदारों के नाम पर ट्रांसफर कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित संपत्तियों को तत्काल सीज कर जांच की जाए, ताकि निवेशकों का पैसा सुरक्षित रह सके।
ग्रामीण निवेशकों का दर्द
टेड़ेसरा में राजनांदगांव और दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में निवेशक पहुंचे। कई महिलाओं और बुजुर्गों की आंखों में आंसू थे। उन्होंने बताया कि बच्चों की शादी, पढ़ाई और घर निर्माण के लिए बचाई गई रकम कंपनी में निवेश की थी, जो अब फंस गई है।
सरकार पर साधा निशाना
मुदलियार ने कहा कि चिटफंड कंपनियों का जाल भाजपा शासनकाल में फैला और सत्ता संरक्षण में लोगों की पूंजी हड़पी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में निवेशकों की रकम लौटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन वर्तमान में यह प्रक्रिया ठप पड़ी है।
ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें कंपनी की संपत्ति और निवेश का सत्यापन कर निवेशकों को रकम लौटाने की प्रक्रिया शुरू करने तथा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इस प्रदर्शन में शुभम पांडे, शैलेष साहू, वीरेंद्र चंद्राकर, हेमचंद यादव, सुनील कोठारी सहित बड़ी संख्या में निवेशक उपस्थित रहे।



