
बालोद, 17 फरवरी 2026।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित जनदर्शन कक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
आत्मीय संवाद, त्वरित निराकरण के निर्देश
सीईओ चंद्रवंशी ने जनदर्शन में पहुंचे आवेदकों से मधुर एवं आत्मीय चर्चा कर उनकी मांगों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल बुलाकर आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे ग्रामीण
जनदर्शन में ग्राम चाराभांठा के ढाल सिंह ने दिव्यांग पेंशन दिलाने की मांग रखी। ग्राम पंचायत चिचबोड़ के सरपंच ने तालाब में घाट निर्माण एवं खेल मैदान में बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।
गुरूर विकासखंड के पलारी निवासी श्रीमती दीपिका ने प्रसूति सहायता योजना का लाभ दिलाने की मांग की, वहीं सोंहतरा की बेदबाई ने कृत्रिम पैर लगवाने के लिए आवेदन दिया।
इसी प्रकार ग्राम भानपुरी की जानकी बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ, ग्राम मुड़खुसरा के राजेंद्र कुमार ने इलाज हेतु आर्थिक सहायता तथा बोडरा के शत्रुघनराम ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।




