
निर्देशों के उल्लंघन पर जप्ती की चेतावनी
राजनांदगांव, 13 फरवरी 2026।
राजनांदगांव के थाना बसंतपुर में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की उपस्थिति में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार संपन्न हुई। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, एसडीएम गौतम पाटिल, थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू सहित क्षेत्र के सभी डीजे संचालक उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी होली पर्व एवं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों (साउंड सिस्टम) के उपयोग संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का कड़ाई से पालन करना होगा।
अधिकारियों ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों को तत्काल जप्त करने की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में उपस्थित डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे परीक्षा काल एवं त्योहारों के दौरान आम नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता दें तथा सभी नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था एवं जनहित सर्वोपरि है और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




