
यातायात कार्यालय बालोद की सख्त मुहिम
बालोद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विगत डेढ़ माह में बड़ी संख्या में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान
पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बोनीफॅास एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में जिलेभर में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। यातायात शाखा और सभी थाना/चौकी प्रभारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 94 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां कुल 9,68,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया।
नियमों के अनुसार:
प्रथम अपराध पर ₹10,000 जुर्माना एवं 6 माह तक की सजा द्वितीय अपराध पर ₹15,000 जुर्माना एवं 2 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
साथ ही, सभी दोषी चालकों के लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित करने हेतु परिवहन विभाग को पत्र प्रेषित किया गया है। दूसरी बार शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त किया जाएगा।
बिना हेलमेट चालकों पर भी कार्रवाई
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 151 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 80,000 रुपये का चालान वसूला गया।
कुल 2569 चालकों पर 15.67 लाख का समन शुल्क अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2569 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 15,67,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
आम नागरिकों से अपील
यातायात पुलिस बालोद ने नागरिकों से अपील की है कि शराब सेवन कर वाहन न चलाएं दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें मालवाहक वाहन में सवारी भरकर परिवहन न करें रात्रि में वाहन चलाते समय अपर-डिपर का प्रयोग करें वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और संयमित गति से वाहन चलाएं।
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और आमजन की जान की हिफाजत के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




