छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण, 8380 परीक्षार्थी हुए शामिल
बालोद छत्तीसगढ़

बालोद जिले के 111 केंद्रों में दूसरे दिन परीक्षा संपन्न, 112 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, नकल का कोई मामला नहीं
बालोद, 23 फरवरी 2026।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं बालोद जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से जारी हैं। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की सतर्कता एवं समुचित व्यवस्थाओं के चलते जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में दूसरे दिन की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में आज की परीक्षा के लिए कुल 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों में कुल 8492 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 8380 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 112 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों में अनुशासन और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार डौंडीलोहारा विकासखंड में सर्वाधिक 2095 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2076 उपस्थित रहे।
गुण्डरदेही विकासखंड में 1935 दर्ज परीक्षार्थियों में से 1926 ने परीक्षा दी। बालोद विकासखंड में 1549 में से 1490 परीक्षार्थी शामिल हुए।
इसी तरह डौंडी विकासखंड में 1457 में से 1442 तथा गुरूर विकासखंड में 1456 में से 1446 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण एवं परीक्षा संचालन की निगरानी सतत रूप से की गई।
उल्लेखनीय है कि जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल या अन्य अनियमितता का कोई मामला सामने नहीं आया है।
जिला प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में सहयोग करने वाले अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए आगामी परीक्षाओं को भी इसी प्रकार शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का भरोसा जताया है।




