बालोद में ‘स्व-AWAKE’ जुंबा-योग इवेंट का भव्य समापन

1200 लोगों ने एक साथ किया योग, 21 हजार प्रतिभागियों के अगले आयोजन की घोषणा
बालोद, 20 फरवरी 2026। गुरु ग्रेस योग एंड वैलनेस टीम एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय ‘स्व-AWAKE’ जुंबा-योग इवेंट का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन करीब 1200 लोगों ने एक साथ योग कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में Indian Red Cross Society छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता जिला रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. प्रदीप जैन ने की। विशेष अतिथि के रूप में डॉ. महीश्वर, चेतन पटेल, सुमित शर्मा और सुरेश निर्मलकर मौजूद रहे।
योग प्रशिक्षक धीरज शर्मा ने जुंबा डांस से शुरुआत कराई, जिसके बाद सूर्य नमस्कार, आसन, प्राणायाम और ध्यान कराया गया। कार्यक्रम में दुर्ग, भिलाई, दल्ली राजहरा, अर्जुंदा और वीटी लोहारा सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
आयुष विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में लकी ड्रा के माध्यम से बेस्ट ड्रेस और बेस्ट परफॉर्मेंस प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि तोमन साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए जल्द ही 21 हजार लोगों की सहभागिता वाला और बड़ा आयोजन कराने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने जिला प्रशासन, रेडक्रॉस, Punjab National Bank, एसआर लैब और बालोद टाइम्स का आभार जताया। आयोजक धीरज शर्मा ने ‘स्व-AWAKE 2.0’ जल्द आयोजित करने की जानकारी दी।




