
बालोद, 20 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) की मुख्य परीक्षा का आज बालोद जिले में उत्सव जैसे माहौल में शुभारंभ हुआ। जिले के 111 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन भौतिक शास्त्र और भूगोल विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
उपस्थिति का आंकड़ा
कुल 6,600 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 6,552 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 48 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जिले में नकल का एक भी प्रकरण सामने नहीं आया।
तिलक लगाकर दी शुभकामनाएं
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने परीक्षा के पहले दिन सरस्वती शिशु मंदिर, बालोद पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने परीक्षार्थियों के मस्तक पर तिलक लगाया और उनका मुंह मीठा कराकर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
‘परीक्षा को बनाएं उत्सव’
डीईओ ने छात्र-छात्राओं को बिना डर और तनाव के परीक्षा देने की सलाह देते हुए इसे ‘उत्सव’ की तरह मनाने का संदेश दिया। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उड़नदस्ता रहा मुस्तैद
परीक्षा को नकल विहीन एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल सक्रिय रहा। दल ने सेजेस कन्नेवाड़ा, सेजेस झलमला, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जं/सांकरा और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघमरा का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में डीईओ श्रीमती मधुलिका तिवारी के साथ सहायक परियोजना समन्वयक श्री लेख राम साहू, एबीओ श्रीमती मोहिनी यादव व श्रीमती उमा ठाकुर, जिला खेल समन्वयक श्री सपन जेना, व्यायाम शिक्षक श्री सुरेश शांडिल्य एवं आदिला खान शामिल रहे।




