
बालोद।
राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा बालोद द्वारा एसटी/एससी/ओबीसी छात्रावास में विशेष छात्र संवाद एवं संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों, विचारों और युवाओं की राष्ट्रनिर्माण में भूमिका से अवगत कराना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच फल एवं बिस्किट का वितरण भी किया गया। मुख्य वक्ता अभिन्न यादव एवं आशुतोष कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर विद्यार्थी न केवल अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा बालोद के कार्यकर्ता सौरभ जैन, राहुल साहू, आशुतोष कौशिक, अभिन्न यादव, समकित सांखला, पुष्कर देशमुख, लुमेश साहू, लक्की साहू एवं पवन यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों से संवाद कर शिक्षा, संस्कार और सेवा भाव के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में आत्मबल बढ़ाने और स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ किया गया।




